ख़बर शेयर करें -

अयोध्या

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के दिव्य मंदिर के लोकार्पण की तिथि जैस-जैसे नजदीक आ रही है, तैयारियां उतनी ही तेज होती जा रही हैं। अयोध्या धाम में प्रवेश के प्रमुख छह मार्गों पर भव्य गेट कांप्लेक्स बनाए जाएंगे। इसमें तीन की स्वीकृति भी मिल गई है। करीब 60 करोड़ रुपये से आंबेडकरनगर, लखनऊ और रायबरेली रोड पर निर्माण होगा जबकि तीन अन्य को जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है। गेट कांप्लेक्स में पर्यटकों के लिए लगभग सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह जानकारी गुरूवार को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि विकास की इसी कड़ी में आयोध्या के प्रमुख छह मार्गों पर देशी-विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गेट काम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। अयोध्या से आंबेडकरनगर जाने वाले मार्ग पर राजेपुर गांव में करीब 19.99 करोड़ रुपये से निर्माण होगा। इसी तरह अयोध्या से रायबरेली जाने वाले मार्ग पर सरियांव गांव में करीब 19.73 करोड़ रुपये से गेट काम्प्लेक्स बनेगा। अयोध्या से लखनऊ मार्ग पर फिरोजपुर गांव में 20.20 करोड़ से गेट काम्प्लेक्स का निर्माण होगा। गेट काप्लेक्स में आवश्य सुविधाएं जैसे पार्किंग, शौचालय, बैठने के लिए छायादार स्थल, रोड, बागवानी समेत कई और कार्य कराए जाएंगे।
जयवीर सिंह ने बताया कि दिव्य और भव्य मंदिर निर्माण के साथ भगवान राम की नगरी विश्व की सबसे सुंदरतम नगरी के रूप में विकसित हो रही है और 22 जनवरी 2024 में भव्य गर्भगृह में भगवान राम विराजमान हो जाएंगे। इसके दृष्टिगत पर्यटकों की संख्या में कई गुणा वृद्धि संभावित है। राम भक्तों की सुख सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य को युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का संचालन शीघ्र ही शुरू होने वाला है। प्रधानमंत्री द्वारा 30 दिसम्बर को इसके लोकार्पण की संभावना है। हेलीपोर्ट भी बनाने की तैयारी है। क्रूज का संचालन पहले से ही हो रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्याधाम में पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इसमें गुणात्मक रूप से वृद्धि होगी। इस दृष्टिकोण से लगातार सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसी क्रम में तीन गेट कांप्लेक्स को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा तीन और गेट कांप्लेक्स प्रस्तावित हैं। संभावना है कि जल्द ही उसे भी मंजूरी मिल जाएगी।